देश की प्रसिद्ध हस्तियों को सर्वोच्च अवार्ड देने की प्रथा को तोड़ने की बात करते हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि पूर्व एयर चीफ मार्शल अर्जन सिंह की ओर से देश की अखंडता और एकता को कायम रखने के एवज में भारत रत्न अवार्ड देकर सम्मानित किया जाए।
बादल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से भारत रत्न अवार्ड देने के लिए सैनिक जरनैलों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। देश में शांति और देश की रक्षा के लिए इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बादल बुधवार को अमृतसर में जंगी शहीदों की यादगार व अजायबघर का नींव पत्थर रखने के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सैनिकों की एक रेंक एक पेंशन की मांग को पूरा करने के लिए वे भारत सरकार को लिखेंगे। उन्होंने यह भी मांग की है कि सेना में पंजाबियों की संख्या में वृद्धि की जाए।
जालंधर में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के मामलों को हल करने के लिए जालंधर में एक अदालत शुरू की जा जाएगी। इसमें सैनिकों के विवाद एक माह के भीतर ही निपटाए जाएंगे। सैनिकों के साथ संबंधित मामलों के लिए अमृतसर और जालंधर में दो थाने स्थापित किए जा रहे हैं। यहां उनकी सुनवाई एसपी स्तर के अधिकारी किया करेंगे। माल विभाग मेें भी एक अलग से सैनिकों के लिए सेल स्थापित किया जा रहा है। जिसमें एक टोल फ्री नंबर पर सैनिक अपनी भूमि आदि संबंधी शिकायत दर्ज करवाया करेंगे और उनकी शिकायत का निपटारा फोन पर ही एक सचिव रैंक का अधिकारी सुनवाई करके किया करेगा। सैनिकों की प्रापर्टियों पर हुए अवैध कब्जे भी पहल के आधार पर छुड़वाने के लिए विशेष व्यवस्था के लिए सेल स्थापित किया जाएगा।
सैनिकों के परिवारों के बच्चों और सेना में पंजाबियों की संख्या में वृद्धि को मुख्य रखते हुए मोहाली में एक आर्म्ड फोरसेस प्रीपेटरी अकादमी शुरू की जा चुकी है जो बेहतर प्रदर्शन कर रही है। आर्मी में सर्विस सिलेक्शन सेंटर नाथ पंजाब में स्थापित करने के लिए पंजाब सरकार की ओर से केंद्र को दो सौ एकड़ भूमि दी गई है। रूप नगर में एक नेवल अकादमी भी स्थापित की जा रही है। इसमें युवाओं को जल सेना में भर्ती होने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। पंजाब में दो एनसीसी नगर स्थापित किएं गए हैं। अब पूर्व सैनिक पंजाब सरकार को सीधा प्रार्थना पत्र देकर विभिन्न विभागों में खाली पड़ी पोस्टों पर तैनात हो सकेंगे।
बादल ने ऐलान किया कि एनसीसी कैडेट्स की रिफ्रेशमेंट डाइट को 6 से बढ़ा कर 25 रुपये किया जा रहा है। इस तरह कैंपों में खुराक 75 से बढ़ाकर 95 रुपये की जा रही है। पंजाब के सैनिकाें का देश की रक्षा में विशेष योगदान है। उनकी कुर्बानियों को ताजा रखने के लिए अमृतसर अटारी रोड पर सात एकड़ भूमि पर सौ करोड़ रुपये की लागत से यह यादगार और अजायबघर स्थापित किया जा रहा है जो पंजाब के महान सैनिक योद्धाओं को समर्पित होगा। इस यादगार में गुरु हरगोबिंद साहिब से लेकर कारगिल तक के समय के दौरान शहीद होने वाले योद्धाओं की यादों को संभाल कर रखा जाएगा। यह यादगार भारत की सैनिकों के लिए एक ऐसी पहली यादगार होगी जो पुराने इतिहास को संभाल रखने में विशेष भूमिका अदा करेगी।