अमृतसर के दरबार साहब स्थित एसजीपीसी कार्यालय में हुए एसजीपीसी के सालाना इजलास में उपस्थित एसजीप
- फोटो : AMRITSAR
सिख संगठनों ने एसजीपीसी की बैठक में भाग लेने पहुंचीं बीबी जागीर कौर सहित अन्य सदस्यों का घेराव किया। सिख संगठनों ने इनके खिलाफ शर्म करो-शर्म करो के नारे लगाकर विरोध जताया। पावन स्वरूपों के लापता होने के मामले में आरोपियों को सजा देने की तख्तियां उठाए संगठनों ने सोमवार को सुबह से ही मानव शृंखला बनाकर विरोध की रूपरेखा तैयार कर ली थी। संगठनों ने एसजीपीसी के सदस्यों के नाम लिखे एक पत्र की कॉपी भी सौंपी। इस पत्र में एसजीपीसी सदस्यों से गुरु ग्रंथ-गुरु पंथ के साथ वफादारी करने की अपील की थी।
सिख संगठनों ने बीबी जागीर कौर से कहा कि वह एसजीपीसी की अध्यक्ष रही हैं, इसलिए उन पर यह बड़ी जिम्मेदारी है कि पावन स्वरूपों के मामले के आरोपियों को कानूनी सजा दिलाने में फर्ज पूरा करें। बीबी जागीर कौर ने भाषण में कहा कि वह इस मामले को लेकर पीड़ा में हैं कि पावन स्वरूप कहां गए। एसजीपीसी सदस्यों के लिए यह दुख की बात है। संगत की पीड़ा वह महसूस कर रहीं हैं। मुलाजिमों की लापरवाही है। इसलिए इस प्रकार की कमजोरियां होती हैं। मुलाजिमों पर रिकॉर्ड की जिम्मेदारी थी। इसमें कोई शक नहीं की पावन स्वरूप संगत व गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियां ही लेकर गईं है। बीबी ने संगत से माफी भी मांगी।
बीबी जागीर कौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सिखों की सर्वोच्च अदालत श्री अकाल तख्त साहिब है। लापता पावन स्वरूपों के मामले के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया हुआ है। लापता स्वरूपों के बारे में सभी की पीड़ा साझी है। वह आरोपियों को सजा दिलाने के लिए जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब से फरयाद करेंगी। परिसर में तैनात पुलिस अधिकारियों ने बीबी जागीर कौर को घेरे में लेकर एसजीपीसी मुख्यालय पहुंचाया। संगत में मौजूद एक सिख ने बीबी जागीर कौर से कई सवाल किए।
लापता स्वरूपों के मामले में संगत को दें जानकारी: कंवरपाल सिंह
अलगाववादी संगठन दल खालसा के प्रवक्ता कंवरपाल सिंह ने कहा कि एसजीपीसी 328 पावन स्वरूपों के मामले में संगत को जानकारी दें। एसजीपीसी के रिकॉर्ड में इन पावन स्वरूपों के बारे में कोई जानकारी है तो संगत को दी जाए, अन्यथा संगत से माफी मांगी जाए। इस मामले में एसजीपीसी अहंकार में डूबी है। गुरु साहिब एक प्रबंधकीय कमेटी के नहीं, संगत के हैं। इसलिए संगत सवाल पूछ रही है। दल खालसा ने एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल से इस्तीफे की भी मांग की।