विद्यार्थियों ने पारंपरिक शैली में कीर्तन कर संगत को किया निहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गुरु हरिकृष्ण साहिब के प्रकाश पर्व पर चीफ खालसा दीवान ने गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जीटी रोड में कीर्तन दरबार आयोजित किया।
दीवान के स्कूलों के गुरमति संगीत शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तंती साजों के साथ कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरदीप सिंह सलूजा के जत्थे ने श्री हरिकृष्ण ध्याईऐ, जिसु डिठै सभि दुखि जाइ शब्द से शुरुआत की। कीर्तनी जत्थों, हजूरी रागी और सीकेडी स्कूलों के विद्यार्थियों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। अध्यक्ष इंदरबीर सिंह निज्जर ने संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, सिख विरासत, गुरबाणी और गुरमत संगीत से जोड़ना बताया। इसके लिए बच्चों को तंती साजों और कीर्तन की पुरातन परंपरा से परिचित कराने के प्रयास हो रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्यों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत और सदस्य मौजूद रहे।