पेशी के दौरान पुलिस पर हमले की थी योजना, आरोपी के चार साथी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जेल में बंद गैंगस्टर अंग्रेज सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की साजिश रच रहे भगोड़े आरोपी आकाशदीप उर्फ आकाश को जिला शहरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि बटाला के गांव कादियां निवासी आकाशदीप पर सात संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और अदालत उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी है। उसने चार साथियों के साथ मिलकर अंग्रेज सिंह को पेशी पर ले जाते समय ढाबे के पास पुलिस पार्टी पर हमला कर छुड़ाने की योजना बनाई थी। अंग्रेज सिंह भोला और कोट खालसा हत्याकांड समेत करीब 15 मामलों में जेल में बंद है।
सीसीटीवी और तकनीकी ट्रैकिंग से पुलिस ने आरोपी का पता लगाया। उसके कब्जे से .32 बोर पिस्तौल, दो खोल, तीन कारतूस और स्कूटर बरामद किया गया है। आरोपी के चार साथियों की पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।