संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। एयर इंडिया एक्सप्रेस एयर लाइन से अमृतसर से दुबई जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पठानकोट के गांव सारणा निवासी निखिल अग्रवाल के पासपोर्ट पर रूस के वीजा की जाली मोहर पाई गई। आरोपी अब टूरिस्ट वीजा पर दुबई जा रहा था। आरोपी के खिलाफ अमृतसर एयरपोर्ट पर तैनात इमिग्रेशन अधिकारी नरेश की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह ने बताया आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पठानकोट के गांव सारणा के स्थित करतार पैलेस के पास निखिल अग्रवाल के पासपोर्ट पर रूस का जाली वीजा लगा हुआ था। अब वह टूरिस्ट वीजे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स-191 दुबई जा रहा था। इमिग्रेशन अधिकारी नरेश ने जांच के दौरान पाया कि उसके पासपोर्ट पर रूस का जाली वीजा की स्टैंप लगी थी। इस पर उसे हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी पलविंदर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने साल 2021 के दौरान रूस का टूरिस्ट वीजा लिया था। जिसका उसे जाली होने का पता चला तो उसने पर रूस जाने का विचार छोड़ दिया। लेकिन इसकी उसने संबंधित विभाग को जानकारी भी नहीं दी। अब वह दुबई जा रहा था, कि इसका खुलासा हो गया।