एयरबेस कैंप में मारे गए आतंकियों की लाशें 108 दिन बीत जाने के बाद भी अमृतसर शिफ्ट नहीं हो सकी है। इससे सिविल अस्पताल के शवगृह में रखी लाशें अब बदबू देने लगी हैं।
पुलिस मुलाजिम नाक पर कपड़ा रखकर शवगृह के बाहर पहरा दे रहे हैं। सिविल अस्पताल के शवगृह में 6 आतंकियों की लाशें रखी हैं। इनमें 4 की लाशें पूरी हैं और दो मात्र कंकाल के रूप में ही हैं। इन लाशों को दो फ्रिजों के बीच रखा गया हैं। अब गर्मी का मौसम भी शुरू हो चुका हैं। इससे पावर कट लगने का सिलसिला जारी हो गया हैं। इससे फ्रिज बंद हो जाते हैं और शवगृह के बाहर बदबू फैल जाती है। वहीं इस दौरान यदि और कोई शव आ जाता है तो रखने में समस्या आती हैं।
उल्लेखनीय है कि बीती 28 मार्च को पाक की जेआईटी टीम ने एयरबेस का दौरा किया था। इस दौरान एनआईए टीम ने ही शवों की हालत देखी थी। वहीं पाक जेआईटी टीम शव देखे बिना ही वापस चली गई थी। एनआईए टीम ने शवों की फोटो खींची थी और
अस्पताल प्रशासन से कहा था जल्द इन लाशों को उठाने का इंतजाम किया जाएगा।
शवगृह के बाहर 24 घंटे ड्यूटी बदलकर 12 पुलिस कर्मी तैनात हैं। बदबू के चलते इन पुलिस कर्मियों को मुंह पर रुमाल बांधकर ड्यूटी करनी पड़ती है। इस संबंध में एसएमओ डा भूपिंद्र सिंह कहना है कि कि स्वास्थ्य विभाग व पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों को शवों से होने वाली परेशानी की जानकारी दी गई है। शव संभाल कर रखने में समस्या आ रही है। शवों में कीडे़ पड़ने लगे हैं।