संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पाकिस्तान में पहली बार राज्य खैबर पखतूनखवां के पेशावर शहर के निवासी सिख गुरपाल सिंह को पहला सिख मैरिज सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। खैबर सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त उक्त सर्टिफिकेट पेशावर की नेबरहुड काउंसिल टाउन वन के अधिकारी उबेद उर रहमान ने गुरपाल सिंह व उनकी पत्नी हरमीत कौर को प्रदान किया।
मोहम्मद अली जिनाह की तस्वीर वाले इस सर्टिफिकेट पर बारकोट भी अंकित है, ताकि इस मैरिज रजिस्ट्रेशन का समस्त रिकार्ड रखा जा सके। सिख आनंद कारज मैरिज बिल पास करवाने के लिए गुरपाल सिंह ने काफी जद्दोजहद भी की। राज्य की स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा यहां की यूनियन काउंसिल को सिख विवाह के लिए अधिकारिक तौर पर सिख मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने की 31 दिसंबर 2024 को स्वीकृति दी थी। इसके बाद 16 जनवरी 2025 को पहला सिख मैरिज सर्टिफिकेट गुरपाल सिंह को जारी किया गया है। राज्य सरकार की तरफ से ऐसे सर्टिफिकेट्स को मंजूरी देने व हस्ताक्षर करने के लिए गुरपाल की बतौर मैरिज रजिस्ट्रार नियुक्ति भी कर दी गई है।