अमृतसर। बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने बुधवार की देर सायं भारत की सीमा एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। बीएसएफ ने शव को कब्जे में लेकर घरिंडा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बीएसएफ खासा हेडक्वार्टर में तैनात बीएसएफ की 144 बटालियन के जवान बुधवार की देर सायं अमृतसर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान जवानों ने पाकिस्तान की ओर से एक व्यक्ति को भारतीय क्षेत्र की तरफ बढ़ते देखा। बीएसएफ के जवानों ने उसे वहीं रुकने और वापस पाकिस्तान लौट जाने को कहा, लेकिन वह भारतीय क्षेत्र की तरफ लगातार आगे बढ़ता रहा। जवानों ने खतरे को भांपते हुए उस पर फायरिंग कर दी, इससे घुसपैठिए की मौके पर ही मौत हो गई।