कस्टम की ओर से अमृतसर एयरपोर्ट पर पकड़े गए सोने की तस्वीरें
- फोटो : AMRITSAR
श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात सीमा शुल्क विभाग के खुफिया अधिकारियों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सवा किलो (1124 ग्राम) 24 कैरेट सोना बरामद किया। आरोपी का नाम मोहम्मद जलानी है। वह एयर इंडिया की दुबई-अमृतसर उड़ान से अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था।
कस्टम कमिश्नर दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग को इस बात की सूचना थी कि दुबई से आने वाली उड़ान से एक व्यक्ति सोने की खेप लेकर आ रहा है। मोहम्मद जलानी के सामान की चेकिंग प्वाइंट पर जांच की गई, लेकिन कोई बरामदगी नहीं हुई। इसके बाद कस्टम विभाग ने मोहमद जिलानी की शारीरिक जांच की, तो अधिकारी स्तब्ध रह गए। मोहम्मद जलानी ने 24 कैरेट सवा किलो सोने की पेस्ट बनाकर अपने अंडरवियर और बेल्ट में छिपाया हुआ था। चेकिंग में वह पकड़ा न जाए, इसके लिए उसने इस सोने की पेस्ट पर कार्बन लगाया हुआ था। कस्टम विभाग जलानी से पूछताछ कर रहा है। इसकी कीमत 45 लाख बताई जा रही है।