नगर काउंसिल में लेट लतीफ और हाजिरी लगाकर गायब रहने वाले कर्मियों को एडीसी सामान्य दीप्ति उप्पल ने अचानक छापामारी कर पकड़ लिया। इस दौरान एडीसी ने एक-एक ब्रांच में जाकर मुआयना किया। डेथ-बर्थ सर्टिफिकेट के कार्यालय के दरवाजे पर ताला लटका मिला, लेकिन हाजिरी रजिस्टर में स्टाफ की उपस्थिति दर्ज थी।
वीरवार सुबह करीब नौ बजकर पांच मिनट पर एडीसी सामान्य दीप्ति उप्पल ने शालीमार बाग स्थित नगर काउंसिल कार्यालय में दबिश दी। उन्होंने हाउस टैक्स, लेखा विभाग, वाटर सप्लाई ब्रांच, बिल्डिंग शाखा, लाइसेंस ब्रांच और सेनीटेशन शाखा में जाकर मुआयना किया।
सेनीटेशन शाखा में क्लर्क रोहित सहोता गायब मिला। मालूम हुआ कि वह फील्ड में गया हुआ है। इस पर एडीसी बोलीं कि क्लर्क फील्ड में कैसे जा सकता है। इसके बाद वह डेथ-बर्थ सर्टिफिकेट कार्यालय पहुंची तो बाहर दरवाजे पर ताला लटका मिला। शाखा के हेड सुभाष खोसला और क्लर्क अमनदीप कौर की हाजिरी रजिस्टर में दर्ज मिली। कुछ अन्य अनियमितताएं भी मिलीं, जिन्हें एडीसी ने नोट कर लिया।
एडीसी सामान्य दीप्ति उप्पल ने करीब 45 मिनट काउंसिल कार्यालय में जांच की। ईओ एसके अग्रवाल ने कहा कि कार्यालय बंद होने के बावजूद स्टाफ की हाजिरी रजिस्टर में कैसे लगी। इसकी वह जांच करवाएंगे। एडीसी सामान्य दीप्ति उप्पल ने कहा कि रिपोर्ट डीसी जसकिरण सिंह को सौंप दी है। अगली कार्रवाई वह अमल में लाएंगे।