शहीद स्थली जलियांवाला बाग के किवाड़ अब 31 जुलाई को खुलेंगे। बाग के जीर्णोद्धार के चल रहे काम के कारण केंद्रीय सांस्कृतिक व भारतीय पुरातत्व विभाग ने बाग के मुख्य प्रवेश द्वारा पर इस बाबत एक होर्डिंग लगा दिया है। यह तीसरी बार है जब जलियांवाला बाग के किवाड़ खोलने के लिए निर्धारित तारीख बदली है।
इससे पहले 15 फरवरी को जीर्णोद्धार का हवाला देकर पर्यटकों को सूचित किया गया था कि 12 अप्रैल तक शहीद स्थली के किवाड़ बंद रहेंगे। लॉकडाउन के दौरान किवाड़ खोलने की तारीख 31 मई निर्धारित की गई थी। जीर्णोद्धार के चल रहे कार्यों के कारण इस बार 13 अप्रैल को जलियांवाला बाग में शताब्दी समारोह का आयोजन नहीं हो सका।
केंद्र ने जलियांवाला बाग के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में विकास के लिए एक ब्लू प्रिंट तैयार किया था। इसके आधार पर जलियांवाला बाग के शहीदी कुएं, शहीदी लाट, जरनल डायर की ओर से निर्दोष भारतीयों पर चलाई गोलियों के निशानों को संरक्षित करने के साथ-साथ लाइट एंड साउंड कार्यक्रम के लिए एक स्टेडियम व गैलरी का निर्माण किया जाना है।