नगर निगम ने बकाएदारों पर शिकंजा कसते हुए नोटिस जारी करने शुरू कर दिए है। नोटिस मिलने के बाद भी बकाया न जमा करने वालों के पानी और सीवरेज के कनेक्शन काटे जाएंगे। निगम की इस कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप मच गया है।
वाटर सप्लाई एवं सीवरेज विंग के इंस्पेक्टर अश्वनी शर्मा ने बताया कि निगम की ओर पांच फेज के तहत शहर के सभी वार्डों की रिपोर्ट बनाई गई हैं। इसमें 1773 ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं, जिन पर पानी और सीवरेज की 2.41 करोड़ से अधिक की धनराशि बकाया है।
पांच हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। बुधवार को पहले फेज में पड़ते क्षेत्र माडल टाऊन, मीरपुर कालोनी, चार मरला क्वार्टर, रजिंद्र नगर व भारत नगर के पानी व सीवरेज के 35 बकाएदारों नोटिस जारी किए गए हैं।
इस पर करीब 14 लाख रुपये बकाया है। उन्होंने बताया कि दूसरे, तीसरे व चौथे फेज में उन पचास उपभोक्ताओं को नोटिस जारी होंगे, जिनकी बकाया राशि दस हजार से ऊपर है। यह काम अगले पंद्रह दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद पांच हजार या उससे कम वाले सभी उपभोक्ताओं को न्यूज पेपरों में इश्तहार के जरिये नोटिस जारी कर दिया जाएगा। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होते ही बकाएदारों के कनेक्शन काटने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों को अपना बकाया जमा करने की अपील की है।