श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व से 16 दिन तक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में की कथा-विचार की सेवा
ज्ञानी कुलदीप सिंह गडगज्ज बोले- नौजवान पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए गुरबाणी और गुरु घरों से जोड़ना जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर प्रसिद्ध कथावाचक भाई पिंदरपाल सिंह को सम्मानित किया गया। उन्होंने गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में 16 दिन तक गुरबाणी कथा-विचार की सेवा निभाई।
एसजीपीसी ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। कथा समाप्ति पर श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह ने भी उन्हें सम्मानित किया। ज्ञानी अमरजीत सिंह ने भाई पिंदरपाल सिंह की सेवा को गुरबाणी और गुरु इतिहास संगत तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण बताया।
एसजीपीसी ने अमृतसर में संगत के सहयोग से 48 गुरमत समागम करवाए। इनका उद्देश्य संगत को गुरबाणी और गुरु साहिब के जीवन दर्शन से जोड़ना था। ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब में नशे की गंभीर चुनौती पर चिंता जताई। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए बच्चों को गुरबाणी और गुरु घरों से जोड़ने पर जोर दिया।