अमृतसर में बाबा बकाला गुरुद्वारा के ग्रंथी की हत्या कर दी गई। हत्या गांव के ही एक व्यक्ति ने की है। आरोपी ने ग्रंथी पर तेजधार हथियार से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अमृतसर के कस्बा रइया में मंगलवार देर रात ड्यूटी से लौट रहे ग्रंथी सिंह की गांव के ही एक व्यक्ति ने तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी है। जिस जगह पर ग्रंथी की हत्या की गई है उस जगह से कुछ ही मीटर पर पुलिस चौकी है।
विज्ञापन
ब्यास थाने के प्रभारी गगनदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान ब्यास थाने के गांव मद्द निवासी दिलबाग सिंह के बेटे रमनदीप सिंह के रूप में हुई है। जो बाबा बकाला गुरुद्वारा में पाठी सिंह की नौकरी करता था। मंगलवार शाम 7 बजे ड्यूटी करने के लिए गांव से बाबा बकाला साहिब गया था। रात करीब 2 बजे ड्यूटी के बाद साइकिल पर गांव लौट रहा था कि उसकी कथित तौर पर किसी तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में उक्त मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। कथित आरोपी साहिब सिंह द्वारा किस मंशा से उक्त घटना को अंजाम दिया गया, इसकी जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त तेजधार हथियार और कथित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। फॉरेंसिक टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक तथ्य जुटा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कथित आरोपी के खिलाफ ब्यास थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।