अमृतसर। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) द्वारा मान्यता प्राप्त एजीए गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट (अंडर-19) का खिताब मोहाली टीम ने जीत लिया है। गांधी मैदान में खेले गए फाइनल मैच में मोहाली की टीम ने अमृतसर को छह विकेट से पराजित किया। अमृतसर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 32.4 ओवर में दस विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। जबकि मोहाली की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मोहाली के खिलाड़ी जशन चेची को ‘मैन ऑफ द मैच’ और अमृतसर के खिलाड़ी मनरूप सिंह को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।
टूर्नामेंट के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को एक नई पहचान देना है। 14 फरवरी तक चलने वाले इस मैच में जिलों की आठ टीमों (जालंधर, पटियाला, मोहाली, मालवा हीरोज, माझा हीरोज, लुधियाना और दोआबा हीरोज) के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
एडीसी व एजीए के सेक्रेटरी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने सभी रणजी ट्रॉफी के खिलाड़ियों को अमनदीप ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की तरफ से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सुखचैन सिंह गिल (पुलिस आयुक्त, अमृतसर), जसबीर सिंह (अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी और अंपायर), भूपिंदर सिंह सीनियर (भारतीय क्रिकेटर), डॉ. अवतार सिंह (मुख्य आर्थोपेडिक सर्जन, अमनदीप ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स), डॉ. रवि कुमार महाजन और डॉ. शाहबाज सिंह मौजूद रहे।