संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। पैसे के लेनदेन पर हुए झगड़े में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति को सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों पर हमला दर्ज किया है। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कंवल दातार सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी संगलपुरा रोड गुरदासपुर ने बताया कि वह अपने खेतों की ओर सैर करके वापस अपने घर को आ रहा था। जब वह पास के ही एक प्राइमरी स्कूल के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसे रोककर दस्ती हथियारों से हमला करके घायल कर दिया। उसने बताया कि झगड़ा पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ है।
जांच अधिकारी एएसआई सोहन लाल ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर कुलवंत सिंह, बलविंदर सिंह और मनजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।