घर से ट्रक पर राजस्थान के लिए निकले युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने ट्रक ड्राइवर पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान सुरिंदर मसीह (31) पुत्र झाक मसीह निवासी धारीवाल खिंचियां के तौर पर हुई है।
मृतक के भाई लक्खा मसीह ने बताया कि उसका भाई सुरिंदर मजदूरी करता है। बुधवार को वह गांव में मजदूरी करने के बाद शाम को घर आया तो गांव गाजीकोट निवासी एक ट्रक ड्राइवर उनके घर आया। उसने कहा कि वह राजस्थान में ट्रक में सामान लोड करने जा रहा है। काम लगभग एक सप्ताह तक चलेगा। वह सुरिंदर को अपने साथ काम पर लेकर जाना चाहता है। उन्होंने उसके साथ सुरिंदर को भेज दिया।
वह बुधवार शाम सात बजे घर से ट्रक पर राजस्थान जाने के लिए निकले। सुबह नौ बजे के करीब उन्हें उक्त ड्राइवर का फोन आया कि सुरिंदर की हालत अचानक खराब हो गई है। वह अभी गुरदासपुर में ही है। वो लोग जल्दी से सिविल अस्पताल गुरदासपुर आ जाएं। वह पूरे परिवार सहित तुरंत अस्पताल पहुंचे तो देखा कि सुरिंदर की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने जब ड्राइवर से सख्ती से पूछा तो उसने बताया कि गुरदासपुर के परशुराम चौक के पास उनका ट्रक दस बजे के करीब खराब हो गया। वह ट्रक को ठीक करने लगा तो सुरिंदर एकदम से उल्टियां करने लगा। उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद वह अस्पताल ले आया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई लक्खा ने बताया कि उन्हें संदेह है कि ड्राइवर ने उसकी हत्या कर दी है।
उन्होंने कहा कि अगर सुरिंदर की हालत रात को खराब हुई थी तो ड्राइवर उसे सुबह सवा दस बजे अस्पताल लेकर क्यों आया। उन्होंने अस्पताल के रजिस्टर में एंट्री चेक की है। थाना पुराना शाला के प्रभारी श्याम लाल का कहना है कि मृतक के परिजनों के कहने पर फिल्हाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।