संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना कत्थूनंगल की पुलिस ने सेना में तैनात मेजर बलजीत सिंह के विरुद्ध तीन लाख की ठगी के आरोप में मामला दर्ज किया है। मेजर बलजीत सिंह पर आरोप है कि उसने अपने एक रिश्तेदार संदीप सिंह को सेना में वायरलेस आपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की है। संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि रिश्ते में लगते उनके जीजा मेजर बलजीत ने सेना में नौकरी दिलवाने के लिए उससे चार लाख रुपये लिए थे। रिश्तेदारों का दबाव पड़ते ही एक लाख रुपये लौटा दिए थे।
एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि रामतीर्थ रोड स्थित दर्शन एवेन्यू निवासी मेजर बलजीत सिंह के खिलाफ कैरोनंगल गांव निवासी संदीप सिंह ने शिकायत दी थी। शिकायत में संदीप ने बताया था कि मेजर बलजीत सिंह उनका रिश्ते में उसका जीजा लगते हैं। लगभग तीन वर्ष पहले वह सेना मुख्यालय खासा स्थित 104 इंजीनियरिग कोर में तैनात थे। बलजीत सिंह ने उसे झांसा दिया की उसके सेना के उच्चाधिकारियों के साथ अच्छे रिश्ते हैं। वह कई लोगों को पैसे लेकर सेना में अच्छे पदों पर नौकरी दिला चुका है।
संदीप के अनुसार वह बलजीत के झांसे में आ गया। सेना में नौकरी पाने के लिए तैयार हो गया। मेजर बलजीत ने उन्हें वायरलेस आपरेटर की नौकरी पर लगवाने के लिए छह लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने चार लाख का भुगतान कर दिया और दो लाख रुपये ज्वाइनिंग के समय देने की बात हुई थी। संदीप सिंह के मुताबिक पैसे लेने के बाद उनके बहनोई ने उनसे कन्नी काटना शुरू कर दिया। फोन उठाने भी बंद कर दिए।
इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और वह बलजीत सिंह के पास खासा हेड क्वार्टर पहुंचे। तब उन्हें पता चला कि मेजर बलजीत सिंह अपना तबादला चेन्नई करवा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने किसी तरह आरोपी से संपर्क किया और एफआईआर दर्ज करवाने की चेतावनी दी। इस पर बलजीत ने उन्हें एक लाख रुपये लौटा दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद बाकी के तीन लाख नहीं लौटाए।