अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400वें प्रकाश पर्व का मुख्य कार्यक्रम एक मई को अमृतसर में आयोजित करेगी। यह कार्यक्रम गुरु साहिबान के प्रकाश स्थान गुरुद्वारा श्री गुरु के महल में होगा। इसके साथ ही गुरुद्वारा श्री बाबा बकाला साहिब, तख्त श्री केसगढ़ साहिब, तख्त श्री दमदमा साहिब के साथ-साथ देश के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान में धार्मिक समागमों का आयोजन किया जाएगा। इस बात की जानकारी एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि शताब्दी समागमों के दौरान संगत को गुरुबाणी उच्चारण की जानकारी देने के लिए पाठ बोध समागम भी आयोजित किए जाएंगे। शताब्दी समारोह के दौरान स्त्री गुरमति समागम, सेमिनार, नगर कीर्तन, स्कूल कॉलेज में गुरमति मुकाबले व लाइट एंड साउंड कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में 14 फरवरी से चल रहे पाठ बोध समागम की संपूर्णता 16 मार्च को होगी। 17 मार्च को माता नानकी जी स्त्री गुरुमति सम्मेलन का आयोजन होगा। 18 मार्च को विशेष समागम के दौरान पंथ की प्रमुख शख्सियतें शामिल होंगी। तख्त श्री केसगढ़ साहिब में 26 फरवरी से पथ बोध समागम का आयोजन शुरू होगा। इस धार्मिक आयोजन की संपूर्णता 27 मार्च को होगी। 28 मार्च को माता गुजरी जी गुरमति स्त्री सम्मेलन कराया जाएगा। 29 मार्च को आयोजित गुरुमति समागम भाई जैतो जी को समर्पित होगा।
बीबी जागीर कौर के अनुसार तख्त श्री दमदमा साहिब में 10 मार्च को पथ बोध समागम शुरू होगा। इस समागम की संपूर्णता 11 अप्रैल को होगी। 12 अप्रैल को माता सुंदरी जी व माता साहिब कौर जी स्त्री सम्मेलन होंगे। एक सहज पाठ समागम अमृतसर में भी करवाया जाएगा। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में आयोजित यह समागम 26 मार्च से 29 अप्रैल तक होगा।