अधिकारी से परेशान होने का वीडियो सामने आने का परिजनों का दावा, शव कॉलेज गेट पर रखकर धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन/खडूर साहिब। श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज में एक लाइब्रेरियन तरसेम सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कॉलेज के एक अधिकारी पर उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने मृतक के मोबाइल फोन में एक वीडियो मिलने का दावा करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है घटना के बाद तरसेम सिंह के परिजन शव को लेकर कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंचे। उन्होंने वहां धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि तरसेम सिंह पिछले कुछ समय से कॉलेज के एक अधिकारी से परेशान था। मोबाइल में मिले वीडियो में भी उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया है।
परिजनों ने पुलिस से मोबाइल और वीडियो की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इससे मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। थाना सिटी तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
वीडियो और आरोपों की जांच
परिजनों के अनुसार तरसेम सिंह द्वारा बनाया गया कथित वीडियो अब जांच का अहम हिस्सा है। इस वीडियो में उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मोबाइल में मिले वीडियो और मृतक के आरोपों को जांच का हिस्सा बनाया जाए।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
धरने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। थाना सिटी तरनतारन के ड्यूटी अधिकारी मलकीत सिंह ने परिजनों से बात की। पुलिस मृतक के मोबाइल में मौजूद वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच करेगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा। जिस कॉलेज अधिकारी पर आरोप हैं, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया।