1984 के दंगों के मामले में जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट देकर मुकरने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह पर कटाक्ष करते हुए अकाली-भाजपा उम्मीदवार अरुण जेटली ने कहा कि खंडन करने का कोई महत्व नहीं है। इस समय कैप्टन का लिखित और रिकार्डिड साक्षात्कार पूरा सच लोगों के सामने ला चुका है।
जेटली मंगलवार को राजासांसी के गांव जसराओं में आयोजित विशाल रैली के दौरान बोल रहे थे। जेटली ने कहा कि कैप्टन हमेशा तर्करहित बातें करते हैं। वह टाइटलर को क्लीन चिट देने वाले कौन होते हैं। उन्होंने टाइटलर को टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू के जरिए क्लीन चिट देकर पहले सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई और फिर जब राजनीतिक नुकसान होने लगा तो सफेद झूठ बोल दिया कि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा।
जेटली ने कहा कि सारे देश ने उनके साक्षात्कार में उन्हें ऐसा बोलते हुए देखा और वह अब झूठ बोल रहे हैं। प्रॉपर्टी टैक्स के मुद्दे पर भी उन्होंने तर्करहित बात की और हमने सारे दस्तावेज सामने रख दिए जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि प्रॉपर्टी टैक्स कांग्रेस की ही देन है। बीजेपी के समर्थन में लगातार आने वाले वरिष्ठ लोगों के संबंध में बोलते हुए जेटली ने कहा कि कांग्रेस ने देश को कमजोर और भ्रष्ट सरकार दी है जिसे अब हर वर्ग बदलना चाहता है इसीलिए हर वर्ग बीजेपी का समर्थन कर रहा है और सहयोग में खड़ा है।