बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने रविवार दोपहर करीब पौने बारह बजे भारत-पाक सीमा पर भारतीय क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रहे पाकिस्तान के दो किशोरों को पकड़ लिया। बीएसएफ की 14 बटालियन के जवानों ने इन्हें फिरोजपुर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फेंसिंग के पास पिलर नंबर 158/12-13, बार्डर ऑब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) एमडब्ल्यू उत्तर के पास से हिरासत में लिया। इनके कब्जे से एक स्मार्ट फोन तथा पाकिस्तान करेंसी के 1900 रुपये बरामद हुए हैं।
बीएसएफ अधिकारियों की ओर से की गई पूछताछ में किशोरों की पहचान मोहम्मद हुसैन (15) निवासी कसूर और मोहम्मद इरफान (17) निवासी कोट बंगला, जिला कसूर के रूप में हुई है। दोनों किशोरों ने बताया कि वे गलती से भारतीय क्षेत्र में घुस आए हैं। इसके बाद सायं करीब साढ़े तीन बजे बीएसएफ के अधिकारियों ने पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग कर विरोध जताते हुए यह जानकारी दी।
पाक रेंजर्स ने दोनों किशोरों के घरवालों से पूछताछ के बाद बीएसएफ के अधिकारियों से उन्हें छोड़ने की विनती की। इसके बाद बीएसएफ ने देर सांय दोनों का मेडिकल करवाने के बाद उन्हें भारत-पाक सीमा जीरो लाइन पर पाक रेंजर्स के सुपुर्द कर दिया। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक हम इस तरह से गलती से घुसे छह पाकिस्तानी नागरिकों को मानवीय आधार पर वापस लौटा चुके हैं।