देशभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में अमृतसर की अटारी-वाघा सीमा पर सीमा सुरक्षा बल की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में BSF के DIG एसएस चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। सीमा पर तैनात जवानों और अधिकारियों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।
DIG एसएस चंदेल ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि BSF के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की सुरक्षा में पूरी निष्ठा के साथ डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करना BSF के लिए गर्व की बात है और जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने सीमा पर दुश्मन की गतिविधियों का मजबूती से मुकाबला किया है। जवानों ने कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, ड्रोन गिराए और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ व हथियार बरामद किए हैं।