पंजाब में 80वां स्वतंत्रता दिवस का जश्न बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह फिरोजपुर में आयोजित किया गया। वहीं, जिला स्तर पर विभिन्न मंत्रियों और अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। अमृतसर में मंत्री अमन अरोड़ा ने ध्वजारोहण किया।
अमृतसर में मंत्री अमन अरोड़ा ने किया ध्वजारोहण
अमृतसर के गुरु नानक स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा झंडा फहराने की रस्म अदा करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने तिरंगा फहराने के लिए रस्सी खींची, झंडा ऊपर पहुंचकर डंडे में ही अटक गया। झंडा ऊपर पहुंचने के बाद खुल नहीं सका, जिसके चलते तिरंगा फहराने की रस्म बीच में ही रुक गई। कुछ समय तक झंडे को खोलने का प्रयास किया गया।
इस दौरान समारोह में मौजूद अधिकारी और अन्य लोग स्थिति को संभालने में जुटे रहे। झंडा न खुलने के कारण मौके पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बनी रही। जिसके बाद ऐसे ही कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। वहीं, समारोह में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्रों की ओर से सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।