संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। गुरदासपुर में पुलिस सांझ केंद्र की इंचार्ज इंस्पेक्टर इंद्रबीर कौर को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह वहां तैनात दूसरे पुलिसकर्मियों से हर महीने जबरन पैसे वसूलती थी। यह मामला तब सामने आया जब एक पुलिसकर्मी ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की।
जांच में पता चला कि तीन पुलिसकर्मियों से वह दबाव डालकर पैसे लेती थी। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए गए जिसके बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के बाद कार्रवाई में इंद्रबीर कौर को गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप में हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंद्रबीर कौर की ओर से की गई पैसों की मांग और लेन-देन के पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं। आगे की जांच जारी है। माना जा रहा है कि इस भ्रष्टाचार के जाल में और भी कर्मचारी शामिल हो सकते हैं या फिर दबाव में पैसा देने को मजबूर किए गए होंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा।