मेडिकल शिक्षा व शोध मंत्री ओपी सोनी ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए बच्चों के लिए अलग वार्ड बनाए जा रहे हैं। विशेषज्ञ डाक्टरों की ओर से कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है, इसलिए विभाग ने पहले से ही इसके प्रबंध कर लिए गए हैं। उन्होंने यह बात सोमवार को सरकारी मेडिकल कालेज में कोविड-19 महामारी संबंधी डाक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों की रिव्यू बैठक में कही। बैठक में डीसी गुरप्रीत सिंह खैरा, पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर कोमल मित्तल, मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा. राजीव देवगन, सिविल सर्जन डा. चरणजीत सिंह और डा. नरिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य में मिनी लाकडाउन लगाए जाने और लोगों के सहयोग के कारण कोरोना मरीजों की संख्या कम हो रही है और मौत की दर में भी लगातार गिरावट आ रही है। पंजाब में अब तक 67 लाख 50 हजार 418 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 3 लाख 1 हजार 512 लोग कोविड पाजिटिव आए हैं और आज तक 4494 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। कोरोना की दूसरी लहर का ज्यादा असर देहाती इलाकों में दिखाई दे रहा है और गांवों के लोगों को इससे बचाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।
सोनी ने बताया कि जिले में कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर, बीडीओ, आशा वर्कर पंचायत सदस्यों की मदद से घर-घर जाकर लोगों की टेस्टिंग कर रहे हैं। इस पर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है और डिप्टी कमिश्नर गुरप्रीत सिंह खैरा ने इसके लिए टीमें गठित की हैं, जो रोजाना औचक चेकिंग करके इस काम की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर जिले में अभी तक 3.60 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।