अमृतसर। अमृतसर से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य गुरजीत सिंह औजला ने बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसके पीछे राजनीति की बू आ रही है। वे मजीठा हलके के उम्मीदवार जगविंदर सिंह जग्गा के साथ नामांकन पत्र दाखिल करवाने पहुंचे थे।
औजला ने मजीठिया की गिरफ्तारी पर रोक पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन धाराओं में बिक्रम मजीठिया पर केस दर्ज किया गया है, उन पर आसानी से किसी को जमानत नहीं मिल पाती। मजीठा हलका के लोग अब बहुत समझदार हो गए हैं और सही उम्मीदवार को जिताकर विधानसभा में भेजेंगे। उन्होंने मजीठिया की तरफ से राहुल गांधी के मजीठा हलके में चुनाव मैदान में उतरने के बयान को सियासत भरा बताया। उन्होंने कहा कि चाहते तो हम भी बादल को मजीठा हलके में आकर हरा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि नवजोत सिंह सिद्धू बड़े मार्जिन के साथ अपने हलके में जीत हासिल करेंगे। जिस तरह अब बिक्रम मजीठिया ने मजीठा हलका छोड़ा है, वे अब मजीठा में वापस नहीं आ सकते। क्योंकि मजीठा हलके में उनका आधार अब खत्म होता नजर आने लगा है।
गुरजीत औजला ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के 111 दिन के काम पर लोग जरूर मोहर लगाएंगे। वहीं उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए उन्हें (केजरीवाल) भाजपा की बी टीम बताया। उन्होंने एक बार फिर सुखजिंदरराज सिंह लाली का नाम लेते हुए कहा कि वे उनके भाई हैं और भाइयों के बीच प्यार कभी भी खत्म नहीं हो सकता।