अमृतसर। थाना वल्ला की पुलिस ने अपरबारी दोआबा नहर पर नाके के दौरान बिना नंबर की एक नई इनोवा गाड़ी में सवार में गैंगस्टर रंजीत सिंह उर्फ सन्नी यामा सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सन्नी यामा से जर्मनी में बनी रिवाल्वर व 60 कारतूस बरामद हुए हैं। उसके साथी नरेंद्र सिंह से 20 कारतूस मिले। गिरफ्तार किए गए अन्य बदमाश दलजीत सिंह, चन व गुरप्रीत सिंह है। पुलिस ने इन पांचों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
वल्ला इंचार्ज संजीव शर्मा के अनुसार शनिवार देर रात उन्हें सूचना मिली थी की एक नई इनोवा गाड़ी में पांच बदमाश कोई बड़ी वारदात करने एक लिए जा रहें है। यह पांचों बदमाश गोल्डन गेट से वल्ला की तरफ जाएंगे। सूचना मिलते ही थानेदार प्रेम सिंह व बलजिंदर सिंह ने वल्ला में नाकेबंदी कर दी। इनोवा गाड़ी नाके के नजदीक पहुंची तो थानेदार प्रेम सिंह ने इस गाड़ी को रोकने का इशारा किया। नाके में गाड़ी की स्पीड कम कर दी, फिर गाड़ी को भगाने की कोशिश की।
प्रेम सिंह ने नाके में लगा एक बैरीकेड गाड़ी के आगे कर दिया। इससे उन्हें गाड़ी रोकनी पड़ी। सन्नी यामा पर अलग-अलग थानों में 12 आपराधिक मामले दर्ज है। वह जमानत पर था। पूछताछ के दौरान सन्नी ने पुलिस को बताया कि उसने यह रिवाल्वर घनपुर काले निवासी सुखप्रीत से लिया है। उसके विरुद्ध भी मामला दर्ज कर लिया है। यह कौन से वारदात के लिए जा रहें थे, इसकी तफ्तीश की जा रही है। गाड़ी का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।