सीआईए-1 की टीम ने गोल बाग (रेलवे स्टेशन) के पास नाकेबंदी के दौरान किया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीआईए स्टाफ-1 की टीम ने सूचना के बाद गोल बाग, रेलवे स्टेशन के पास नाकेबंदी के दौरान इनोवा कार सवार चार युवकों को काबू कर तीन किलो हेरोइन और 9 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि आरोपियों की पहचान लोहगढ़ निवासी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, होशियार नगर, अमृतसर के रछपाल सिंह, वरियाम सिंह कालोनी निवासी गौरव उर्फ काली और दुर्ग्याणा आबादी निवासी साहिल कुमार उर्फ मंथन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों को रविवार को पटियाला के नंबर वाली इनोवा कार से उस समय गोल बाग, रेलवे स्टेशन के निकट काबू किया गया, जब यह हेरोइन की खेप की सप्लाई करने जा रहे थे। इनोवा कार की तलाशी दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन किलो हेरोइन तथा 9 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद किए जाने के बाद डी डिवीजन थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
सीपी भुल्लर ने बताया कि आरोपियों की कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर उनके बेकवर्ड और फारवर्ड लिंक्स की जानकारी हासिल की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइन फोन में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगीं हैं। पुलिस की साइबर क्राइम की शाखा फोन के अंदर से पिछले दिनों के दौरान डिलीट किए गए डाटा को भी रिट्रीव करने की कोशिश कर रही है।