संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीमांत थाना लोपोके के अधीन आते गांव शहूरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना सामने आई है। आरोप है कि घर में चल रहे पाठ के दौरान काम कर रहे मजदूर ने वहां चप्पल फेंक दी। हालांकि घटना को परिवार ने छिपाने का प्रयास भी किया लेकिन बाद में मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। थाना लोपोके की पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शहूरा निवासी मेजर सिंह ने घर में पाठ करवाया था। घर में मजदूर भी लगे थे। राजू नामक मजदूर ने वहां चप्पल फेंक दी। आरोप है कि मामला न बढ़े इसलिए पाठ करवा रहे परिवार ने वहां से मजदूर को भगाने का प्रयास भी किया लेकिन शिकायत करने वाले लोगों ने मजदूर और मेजर के परिवार के तीन सदस्यों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी के प्रधान तरलोचन सिंह सोहल और बाबा सतनाम सिंह ने बताया रविवार यह घटना हुई थी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। उन्हें बताया गया कि पाठ कर रहे ग्रंथी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की तरफ वहां मजदूर ने चप्पल फेंकी है। थाना लोपोके की पुलिस ने मेजर सिंह के बेटे जगजीत सिंह, सुखजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और मजदूर राजू पर केस दर्ज कर लिया है।