मैडम सिद्धू ने एक्स पर कांग्रेस हाई कमान के प्रति व्यक्त की वफादारी
वहीं नवजोत कौर सिद्धू ने चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिये कांग्रेस हाईकमान के प्रति अपनी वफादारी प्रकट की है। सिद्धू ने साफ किया कि वह कांग्रेस के साथ थीं और हमेशा रहेंगी और पंजाब की जीत गांधी परिवार को समर्पित करेंगी।
डॉ. नवजोत कौर ने लिखा कि हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। हम अपने पंजाब राज्य में जीतेंगे और इसे गांधी परिवार को समर्पित करेंगे। हमारे 70 प्रतिशत काबिल, ईमानदार और वफादार नेता जिन्हें आपने पार्टी से अलग कर दिया है, मेरे संपर्क में हैं और वे कांग्रेस टिकट के लिए पूरी तरह से काबिल और जीतने लायक उम्मीदवार हैं।
मुख्यमंत्री की कुर्सी और टिकटों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर देना होगा जवाब : नील गर्ग
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता नील गर्ग ने नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर कहा कि यह आरोप बहुत गंभीर है जिस पर कांग्रेस नेताओं को जवाब देना होगा। यह आरोप केवल चौंकाने वाले ही नहीं बल्कि पंजाब की राजनीति और लोकतंत्र पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पंजाब कांग्रेस के जिन वरिष्ठ नेताओं पर ये आरोप लगे हैं वे अभी तक चुप हैं।
गर्ग ने कहा कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी सार्वजनिक रूप से दावा कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री बनने के लिए एक नेता ने 350 करोड़ रुपये दिए थे। अगर ये सच है तो क्या यह पंजाब की जनता के साथ धोखा नहीं हुआ है। अगर आरोप गलत हैं तो कांग्रेस नेताओं को सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।
आरोपों पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी कई सवाल कर रही खड़े : धालीवाल
आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि नवजोत कौर सिद्धू के आरोपों पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी कई सवाल खड़ी करती है। धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस के जो नेता हर मुद्दे पर मुखर रहते थे वे अब इतने बड़े भ्रष्टाचार के आरोप पर पूरी तरह खामोश हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग और विपक्ष के नेता प्रताप बाजवा को आगे स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
डॉ. सिद्धू ने मिट्ठू मदान को भेजा 10 करोड़ का मानहानि नोटिस
कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला अब कानूनी मोड़ ले रहा है। वर्ष 2017 के निगम चुनावों में टिकटें बेचने के आरोपों को लेकर डाॅ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने मुंह बोले बेटे और जिला कांग्रेस शहरी प्रधान सौरभ मदान (मिट्ठू) को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। डाॅ. सिद्धू के वकील ने कहा कि मिट्ठू ने झूठा आरोप लगाकर डाॅ. सिद्धू की छवि खराब करने का प्रयास किया। नोटिस में कहा गया है कि मिट्ठू को 7 दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी, अन्यथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद डॉ. सिद्धू ने अपने समर्थकों के साथ बैठक की। बैठक में भविष्य की रणनीति तय की गई और समर्थकों को निर्देश दिए गए कि उनके खिलाफ झूठे बयानबाजी करने वालों को सख्ती से जवाब दिया जाए। इसके बाद समर्थकों ने सोशल मीडिया पर विरोधियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है और माना जा रहा है कि आगामी दिनों में इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है।
वहीं, नवजोत कौर सिद्धू के मामले पर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा:“...अब हम कोर्ट में बात करेंगे। अब तो सुखजिंदर सिंह रंधावा की पग का सवाल है। राजनीति में ऐसी बातें होती रहती हैं, इसमें नया कुछ नहीं है। लेकिन यह सच है कि मेरे माता-पिता का नवजोत सिद्धू के माता-पिता से दोस्ताना रिश्ता था। इस तरह के आरोप लगाना शर्मनाक है। यह तो सिर्फ सिद्धू ही बता सकते हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी से ऐसी बातें कही थीं या उनकी पत्नी खुद ही ऐसा कह रही हैं”