संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शहर में स्थित आटा मंडी के पास छत्तीस खुई इलाके में सिगरेट पी रहे विदेशी नागरिक को पीटने का मामला सामने आया है। इटली से भारत घूमने आया यह सैलानी जीआर रेजिडेंसी के सामने एक नुक्कड़ पर सिगरेट पी रहा था। इस दौरान जीप में वहां पहुंचे निहंग के वेश में एक व्यक्ति ने उसकी पिटाई की। वहीं, हमलावर के साथियों ने भी पीड़ित को धमकियां दीं और और फरार हो गए। सी डिवीजन थाना पुलिस ने फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इटली की राजधानी रोम निवासी अमीन अहमद ने पुलिस को बताया कि वह अमृतसर घूमने आया था। इस बीच शनिवार को वह आटा मंडी के निकट छत्तीस खुई चौक में जीआर रेजिडेंसी के सामने सड़क से हटकर एक नुक्कड़ पर सिगरेट पी रहा था। इस दौरान ही जीप में एक व्यक्ति निहंग के वेश में वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट करने लगा।
आईपीएस अधिकारी व सी डिवीजन थाने के प्रभारी जयंत पुरी ने बताया कि फिलहाल अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।