चंडीगढ़। पंजाब में आईटी, साइबर, ऑटो, टेक्सटाइल, एयरोस्पेस, आरएंडडी और एग्रीकल्चर सेक्टर में विदेशी निवेश बढ़ने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के जापान व दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान विदेशी कंपनियों ने पंजाब में निवेश के लिए सकारात्मक रुझान दिखाए। आठ दिन के दौरे में इंडस्ट्रियल रोड शो और बिजनेस समिट के माध्यम से 250 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों से सरकार ने सीधा संपर्क किया। इस दौरान 900 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
मोहाली में बनेगी सिलिकॉन वैली
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कंपनियों को 13 से 15 मार्च तक मोहाली में होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि मोहाली में आईटी, साइबर, एआई और आरएंडडी आधारित उद्योगों के लिए जगह चिन्हित की जा चुकी है। निवेशकों को सुगम एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, कुशल युवाओं की फौज, सस्ती रिहायशी सुविधा और 100 किमी के दायरे में औद्योगिक व शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी दी गई।
पसंदीदा निवेश वाला राज्य बनाएगें: मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जापानी और दक्षिण कोरियाई कंपनियों के पास उच्च-स्तरीय तकनीक है, जबकि पंजाब के पास सबसे युवा और मेहनती टैलेंट है। निवेश सम्मेलन तकनीक और प्रतिभा के बीच समन्वय का अवसर देगा और पंजाब को पसंदीदा निवेश वाला राज्य बनाएगा।
जापान और दक्षिण कोरिया की 250 से अधिक कंपनियों से बातचीत
-900 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू हुए साइन।
-मोहाली में आईटी और एआई आधारित उद्योगों के लिए विशेष क्षेत्र तैयार
-प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन 13-15 मार्च में होगा।
-यह दौरा पंजाब में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में नया उत्साह भरने वाला माना जा रहा है।