ध्यानपुर से माथा टेककर लौट रहे लोगों की कार-ट्राली की टक्कर होने से 12 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह सात बजे नवापिंड के पास हुआ है। घायलों को गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्राइवर को छोड़कर सभी की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घायलों की पहचान अमनदीप कौर, परमजीत कौर, बलबीर कौर, बलदेव सिंह, रेणु, आशा रानी, नीतू, मेघा, सीमा, अक्षय, ड्राइवर सतनाम सिंह निवासी जंडियाला के रूप में हुई है। थाना फतेहगढ़ चूड़ियां पुलिस ने केस की जांच शुरू कर दी है।
घायल ड्राइवर सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपनी क्वालिस कार में सवारियों को लेकर वीरवार ध्यानपुर मंदिर से माथा टेकने के बाद वापस नवापिंड के पास पहुंचे तो वहां धुंध के कारण एक गन्ने से लदी हुई खराब ट्राली बीच सड़क पर खड़ी थी।
घनी धुंध के कारण उनकी क्वालिस खड़ी ट्राली से टकरा गई। हादसे में उनका कूल्हा और बाजू टूट गई। कार में बैठी सवारियों को मामूली चोटें आईं हैं। उन्हें गुरु नानक देव अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।