संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला देहाती पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने विदेश हैंडलर के पांच साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 9 एमएम की दो पिस्तौल, एक डबल बैरल 12-बोर राइफल और 17 कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपियों की पहचान बबलदीप सिंह उर्फ लव, निवासी पाखा तारा सिंह, अजनाला, गुरप्रीत सिंह, निवासी भाला कॉलोनी, छेहरटा, करणबीर सिंह, निवासी अजनाला, प्रिंस, निवासी बसरके भैणी और रोहित, निवासी अजनाला के रूप में हुई है। आरोपियों पर थाना अजनाला में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी (डिटेक्टिव) अमृतसर देहाती आदित्य वॉरियर ने बताया कि सभी आरोपी अपने विदेशी (यूके आधारित) हैंडलर के इशारों पर अवैध हथियार सप्लाई और नेटवर्क को मजबूत करने में लगे हुए थे। शुरुआती पूछताछ में सप्लाई चेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। डीएसपी (डी) गुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि उक्त मॉड्यूल से जुड़े अन्य साथियों की पहचान हो चुकी है। कई स्थानों पर लगातार रेड की जा रही है।