संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.01 किलोग्राम हेरोइन और छह पिस्तौल बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान आकाश मसीह, प्रिंस (दोनों निवासी पंडोरी, अमृतसर देहाती), करणबीर सिंह उर्फ करण (निवासी चौगावा), सुखविंदर सिंह (निवासी हेतमपुरा) और गुरभेज सिंह उर्फ भेजा (निवासी लाहियां, तरनतारन) के रूप में हुई है।
आरोपियों से बरामद हथियारों में पांच पिस्तौल .30 बोर और एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल शामिल है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया एप्स के जरिये पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क में थे। उन्हीं के निर्देश पर पंजाब में हथियार व नशे की सप्लाई करते थे। सभी आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीकी इलाकों के रहने वाले हैं। ये पाकिस्तान से भेजी जाने वाली खेप को रिसीव कर आगे सप्लाई करते थे।
भुल्लर ने बताया कि छेहरटा इलाके के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आकाश मसीह और प्रिंस को दो पिस्तौल समेत काबू किया। इसके बाद तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने करणबीर सिंह और सुखविंदर सिंह को तीन पिस्तौल और 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। करणबीर सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गुरभेज सिंह उर्फ भेजा को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया। सीपी भुल्लर ने इस मामले में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।