संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। छेहरटा के कृष्णा गार्डन खंडवाला और नारायणगढ़ दाना मंडी के पीछे खेतों में नाड़ जलाने के मामले सामने आ रहे हैं। नाड़ से उठ रहे धुएं ने पूरे शहर को घेर रखा है। यहां अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। छेहरटा में नाड़ जलाने से उठ रहे धुएं की वजह से लोगों को सांस लेने में काफी मुश्किल हो रही है। इस मामले में प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
किसानों की ओर से फसल के अवशेष को आग लगाए जाने के कारण एक ओर जमीन की उपजाऊ शक्ति कम हो रही है तो वही पंक्षियों को नुकसान भी पहुंच रहा है। इसकी वजह से किनारों पर खड़े कई पेड़ पौधे जल जाते हैं। आग के धुएं से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में थाना प्रभारी विनोद शर्मा ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। वह टीम भेजकर इस मामले की जांच करेंगे, जिसने भी कानून की उल्लंघना की उसके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।