गुरदासपुर में धरने पर बैठीं किसान परिवारों की महिलाएं। संवाद
- फोटो : GURDASPUR
गुरदासपुर। कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने बब्बरी बाईपास पर चक्का जाम कर तीन घंटे धरना दिया। किसान संगठनों के नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
किसान नेता सतबीर सिंह सुल्तानी ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि कानून जबरन थोप रही है। दिल्ली में 26 जनवरी को केंद्र सरकार ने अपने गुर्गों से माहौल खराब करवाकर इसका इल्जाम भी किसानों पर लगवा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को डराने का भी प्रयास किया गया हो, किसान डरकर लौटने वाले नहीं है। किसान अपना हक लेकर ही लौटेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के चक्कर में किसानों को दबाने का प्रयास कर रही है। किसान देश का अन्नदाता है। देश की जनता को जागना होगा। अपने हक के लिए आगे आना होगा। इस मौके पर किसान जगीर सिंह, बलविंदर सिंह, मक्खन सिंह कोहाड़, अमरजीत सिंह सैनी उपस्थित थे।