कांग्रेस ने स्टेट गुरुद्वारा साहिब में अकाली नेताओं पर हथियारबंद युवाओं द्वारा किये गए कथित जानलेवा हमले के आरोप में धरे गए दो दर्जन से अधिक सिख युवाओं की रिहाई की मांग उठाई है। साथ ही कांग्रेस पार्टी ने 30 अक्तूबर को एसएसपी. दफ्तर कपूरथला के घेराव की चेतावनी दी है।
यहां जारी एक बयान में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जोगिंद्र सिंह मान पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पंजाब में हुई घटनाओं को लेकर दुनिया भर की संगत में पंजाब सरकार के खिलाफ भारी रोष है।
पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब का बार-बार निरादर फिर पुलिसिया जुल्म, जिसमें दो निहत्थे निर्दोष सिखों की जान गई। इस तानाशाही पूर्ण कुकृत्य के बाद जहां सिख संगत के कोप से बचने के लिए एक तरफ बादल पिता-पुत्र ने प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को रद्द करने का आदेश दे दिया तो दूसरी तरफ कपूरथला में तथाकथित पंथक अकाली नेताओं ने पुलिस पर दबाव बना कर दो दर्जन से अधिक सिख नौजवानों पर जानलेवा हमले का झूठा आरोप लगाकर जेलों में कैद करवा दिया।
मान ने तल्ख लहजे में कहा कि कपूरथला में अकालियों पर हमला कोई पहली घटना नहीं है इससे पहले भी अकाली नेताओं को अनेक बार जनता के आक्रोश का शिकार होकर भागना पड़ा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कपूरथला पुलिस द्वारा उक्त मामले में गिरफ्तार युवाओं को तुरंत रिहा न किया गया तो शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव जगजीत बिट्टू, शहरी प्रधान संजीव बुगा पार्षद, देहाती प्रधान दलजीत राजू दरवेश पिंड, हरजी मान उपस्थित थे।