संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। 14 दिसंबर को होने वाले जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मोगा पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी मोगा अजय गांधी के निर्देशन में यह फ्लैग मार्च चारों सब-डिवीजनों में आयोजित किया गया।
मोगा सब-डिविजन में डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह, बाघापुराना में डीएसपी दलबीर सिंह, निहाल सिंह वाला में डीएसपी अनवर अली और धर्मकोट में डीएसपी जसविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मार्च चुनाव के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने कड़ी चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस का सहयोग करें और अमन-शांति बनाए रखने में योगदान दें।