अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के छठी बार प्रधान बनने के बाद एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए निर्देश दिए।
एडवोकेट धामी ने कहा कि यह संस्था बड़ी कुर्बानियों से बनी है। ऐतिहासिक गुरुद्वारों की व्यवस्थाओं को चलाने में इस संस्था ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संस्था की मजबूती के लिए हर व्यक्ति की पहली जिम्मेदारी ईमानदारी है। शिरोमणि कमेटी के प्रधान ने पदाधिकारियों को लगन से अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। शिरोमणि कमेटी के सेक्रेटरी बलविंदर सिंह काहलवां ने भरोसा दिलाया कि सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से करेंगे। कार्यालय पहुंचने पर एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का अधिकारियों ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। डिप्टी सेक्रेटरी गुरमीत सिंह मुक्तसर ने उन्हें जसवंत सिंह नेकी की लिखी किताब अरदास भेंट की। पदाधिकारियों ने संस्था के कामों को संगत तक पहुंचाने का संकल्प लिया।