-वीरवार देर रात गुमटाला चौकी में हुआ था बलास्ट, पुलिस के मुताबिक गाड़ी का रेडिएटर फटा
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पिछले कुछ महीनों से पंजाब के विभिन्न इलाकों और थानों पर हो रहे ग्रेनेड हमलों को लेकर लगातार सुरक्षा एजेंसियों की ओर से भी नजर रखी जा रही है। पंजाब पुलिस और पंजाब की खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है। बावजूद इसके वीरवार देर रात को एक बार फिर से गुमटाला बाइपास चौकी पर हुए बलास्ट को लेकर पंजाब सरकार और राज्य की पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां सवालों के घेरे में हैं।
वीरवार देर रात को बाइपास स्थित गुमटाला पुलिस चौकी में फिर से एक ब्लास्ट हुआ। हालांकि, पुलिस का कहना था कि यह ब्लास्ट पुलिसकर्मी की गाड़ी का रेडिएटर फटने के कारण हुआ है। वहीं दूसरी तरफ ब्लास्ट के थोड़ी देर बाद ही विदेश में बैठे आतंकी हैप्पी पासिया की ओर से इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि पुलिस चौकी पर हमला उसकी तरफ से करवाया गया है। वहीं, धमाके के तुरंत बाद सेना के जवान भी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
वीरवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस चौकी में धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद चौकी के अंदर तैनात सभी कर्मी बाहर आ गए। सूचना मिलने पर मीडिया कर्मियों पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने बताया की चौकी के बाहरी यह एएसआई तजिंदर सिंह की 2008 मॉडल की गाड़ी खड़ी थी, जिसका रेडिएटर फट गया और उसी के कारण धमाके की आवाज हुई। रेडिएटर फटने के कारण कूलेंट भी बाहर निकल गया। पता लगा है कि भारत की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां लगातार पंजाब पर नजर बनाए हुए है और आतंकियों की गतिविधियों पर को भी नोटिस कर रही है। इसी के तहत भविष्य में होने वाले हमलों के बारे में भी पंजाब पुलिस को अलर्ट जारी किया गया था। इसके बावजूद पुलिस चौकी पर हमला होना पुलिस का कारगुजारी पर सवाल है।