सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर में पीजी (सर्जरी विभाग) कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
रविवार को अनिल जोशी अधिकारियों के साथ पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे और साहिल के पारिवारिक सदस्यों के साथ संवेदना व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार छात्र का नाम साहिल ग्रेवाल (25) है और वह जालंधर के करार खान मोहल्ला स्थित गली नंबर 6 का रहने वाला था। राजिंदरा मेडिकल कॉलेज पटियाला से एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद साहिल एक वर्ष से अमृतसर के मेडिकल कॉलेज के साथ सटे गुरुनानक देव अस्पताल के सर्जरी विभाग में पीजी की पढ़ाई कर रहा था।
रविवार शाम गुरुनानक देव अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में वह लड़खड़ाता हुआ पहुंचा और जमीन पर गिर पड़ा। छात्रों ने उसे तत्काल आईसीयू में शिफ्ट किया। हालत बिगड़ने पर उसे एस्कॉर्ट अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन रविवार रात करीब डेढ़ बजे उसने दम तोड़ दिया।
इधर, कॉलेज के कुछ छात्रों का कहना है कि साहिल की मौत ज्यादा नशे के सेवन के कारण हुई है। कॉलेज प्रशासन ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है।