अमृतसर के मजीठा रोड थाना से आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित ईएसआई अस्पताल के अंदर सोमवार सुबह पुलिस ने एक नवजात बच्ची का शव बरामद किया। पुलिस को यह शव गुरु नानक देव अस्पताल की जच्चा-बच्चा वार्ड बेबे नानकी और ईएसआई अस्पताल के बीच वाली दीवार के पास एक कपड़े में लिपटा मिला। एसीपी नार्थ वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि मजीठा रोड थाना में फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
बटाला रोड स्थित गली मुर्गी मोहल्ला निवासी अवतार सिंह पुत्र मोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गुरु नानक देव अस्पताल के स्कूटर स्टैंड पर काम करता है। आज सुबह वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल ही तुंगा वाली पुली की तरफ जा रहा था। इस दौरान ईएसआई अस्पताल में लोगों की भीड़ देख वहां पहुंचा तो पाया कि बेबे नानकी वार्ड और ईएसआई अस्पताल की संयुक्त दीवार के साथ एक कपड़े में लिपटा बच्ची का शव पड़ा था।
उसने बताया कि बच्ची के शरीर पर नाड़ू लगा हुआ था और चीटियां चल रहीं थी। चीटियों ने बच्ची के दाएं कान का कुछ हिस्सा खा लिया था। बच्ची के दोनों पांव नीचे से नीले हो चुके थे। एसपी खोसा ने बताया कि उक्त बयान के आधार पर धारा 316 के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बेबे नानकी अस्पताल समेत पूरे इलाके के प्राइवेट अस्पतालों और नर्सिंग होम में हुई डिलीवरियों संबंधी रिकार्ड चेक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलाके की दाइयों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी का पता लगाने के लिए आस-पास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों का पता लगा कर उनसे डाटा लेकर खंगाला जा रहा है।