रानी झांसी सोशल सोसाइटी की ओर से बुधवार को कटड़ा करम सिंह स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियों ) में भ्रूण हत्या पर नाटक और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला रहीं।
कार्यक्रम में प्रो. चावला ने कहा कि प्रदेश में भ्रूण हत्या का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। इसमें जागरूक लोगों का ही अधिक हाथ है। उन्होंने कहा कि यदि यह सिलसिला ऐसे ही जारी रहा, तो भविष्य में लड़कियां ढूंढने से भी नहीं मिलेंगी।
चावला ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही हैं, इन बेटियों से ही देश की शान है। उन्होंने ने कहा कि भ्रूण परीक्षण करने वाले केंद्र से ज्यादा समाज की सोच दोषी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
इस दौरान ‘अल्फाज’ ग्रुप की ओर से मनदीप घई के निर्देशन में कन्या भ्रूण हत्या पर कटाक्ष करते नाटक का मंचन किया गया। इस मौके पर प्रिंसिपल रमनदीप कौर, रूबी महाजन, पवन कुंदरा, रमेश कपूर, सरूप सिंह पन्नू, स्वरूप कुमार, पवन चावला, संतोष सरीन और शुभ मेहरा मौजूद थे।