आरोपी को पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि यह साजिश प्रदेश में दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से रची जा रही थी।
अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश नाकाम करने का दावा किया है। आरोपी के कब्जे से 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक हैंड ग्रेनेड और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
विज्ञापन
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े सीमा पार के हैंडलरों के संपर्क में था और इंस्टाग्राम के जरिए निर्देश ले रहा था। उसे पुलिस ठिकानों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के लिए कहा गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार उर्फ पंडित (24) निवासी गांव सुखसाल जिला रूपनगर के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से अमृतसर के पंडोरी वड़ैच इलाके में रह रहा था। पुलिस ने खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे दबोचा। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी पर एक हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया जिसके बाद बम निरोधक दस्ते ने आवश्यक कार्रवाई की।
विज्ञापन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को पंजाब में अशांति फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के निर्देश दिए जा रहे थे। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। थाना कैंट में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क तथा स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।