साथ जीने और मरने की कसम खाने वाले दंपती ने सोमवार को एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया। पत्नी ने जब पति के शव को देखा तो उसने भी प्राण त्याग दिए। दोनों का अंतिम संस्कार भी एक साथ ही किया गया। मामला पंजाब के अमृतसर जिले का है।
जिले की अजनाला तहसील के गांव नंगल सोहल में 80 साल के भोला सिंह और उनकी पत्नी हरविंदर कौर शिंदो 60 साल से एक साथ थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। चारों बच्चे शादीशुदा हैं लेकिन दंपती के बुरे हालात में किसी ने उनका साथ नहीं दिया। भोला सिंह को मधुमेह था। वह करीब तीन साल से बिस्तर पर ही थे।
दोनों बेटों ने अलग घर ले लिया था। बुजुर्ग की देखभाल उनकी पत्नी करती थी। सोमवार को अचानक भोला सिंह को दिल का दौरा पड़ गया। पत्नी हरविंदर कौर ने जब उनका शव देखा तो उनके भी प्राण पखेरू उड़ गए। दोनों के इस प्रेम को देख हर किसी की आंख नम हो गई। पुलिस अधिकारी तलविंदर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई गांव मुहार निवासी प्रकाश सिंह के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।