कपूरथला पुलिस ने माझा—दोआबा क्षेत्र में हथियारों और पिस्तौल के बल पर लूटपाट करने वाले लुटेरा गिरोह के सरगना और एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी—जांच कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी राजिंदर सिंह ने बताया कि गिरोह का सरगना हरप्रीत सिंह निवासी बटाला, मनदीप सिंह निवासी अमृतसर, मनजीत सिंह निवासी बटाला और अमनप्रीत कौर निवासी कपूरथला के खिलाफ थाना कबीरपुर में लूटपाट का केस दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी हरप्रीत एक पेशेवर अपराधी है। उस पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 58 केस दर्ज हैं। इनमें 302 के तीन, 307 के सात और 326 के पांच संगीन केस भी शामिल है।
16 मार्च को दविंदर सिंह निवासी गांव भैणी कादर बख्श ने बताया कि तीन अज्ञात युवकों ने उसकी पत्नी के साथ साजिश रचकर उसके घर में जबरन लूट की है। इन चारों ने उसके पिता अवतार सिंह और सरपंच शिंदा सिंह पर फायरिंग भी की। तीनों युवक और उसकी पत्नी अमनप्रीत कौर घटना को अंजाम देने के बाद घर से गहने, रुपये व उसके पिता की लाइसेंसी दोनाली राइफल लूट कर फरार हो गए हैं।
18 मार्च को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक इंडिगो कार सवार तीनों युवकों और महिला को टी—प्वाइंट टिब्बी से काबू किया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने इनसे एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, एक दोनाली, एक मैगजीन, 14 कारतूस, पांच खोल और एक कार बरामद की है।
इस मौके पर एसपी जांच जसवीर सिंह, डीएसपी सुल्तानपुर लोधी प्यारा सिंह, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर रविंदर सिंह और थाना कबीरपुर प्रभारी एसआई हरगुरदेव सिंह मौजूद थे।