स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रंजीत एवेन्यू बी ब्लॉक के एटीएम में तैनात एक
सिक्योरिटी गार्ड ने बहादुरी दिखाते हुए वीरवार-शुक्रवार रात दो बजे एटीएम
लूटने आए पांच लुटेरों की कोशिशें को नाकामयाब कर दिया।
लुटेरों ने
सिक्योरिटी गार्ड पर तेजधार हथियारों से कई बार हमला किया लेकिन उसने डटकर
लुटेरों का सामना किया, जब लुटेरे एटीएम लूटने में नाकाम हुए तो वहां से
भाग गए। गार्ड ने घायल अवस्था में किसी राहगीर का फोन लेकर पीसीआर को फोन
किया। घटनास्थल पर पहुंची पीसीआर टीम ने 100 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके
बाद थाना सिविल लाइन, थाना छेहरटा प्रभारी, एडीसीपी गौरव गर्ग, डीएसपी
क्राइम गुरनाम सिंह घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्होंने घायल सिक्योरिटी गार्ड
निशान सिंह (32) निवासी संगाना के बयान दर्ज कर पांच अज्ञात के खिलाफ मामला
दर्ज किया। वहीं घायल को पीसीआर की टीम ने गुरु नानक देव अस्पताल भर्ती
कराया। थाना सिविल लाइन के प्रभारी सुखविंदर सिंह ने जानकारी दी कि घटना
वीरवार-शुक्रवार रात 2 बजे हुई, जब बैंक सिक्योरिटी गार्ड एटीएम का शटर बंद
कर अंदर सो रहा था तब पांच लुटेरे शटर तोड़कर अंदर घुस आए और एटीएम लूटने
का प्रयास किया लेकिन गार्ड ने उनका बहादुरी से सामना किया।
इसके
बाद लुटेरे गार्ड को तेजधार हथियारों से घायल कर घटनास्थल से फरार हो गए।
वहीं थाना सिविल लाइन पुलिस ने घायल गार्ड के बयान पर पांच अज्ञात लुटेरों
के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश आरंभ कर दी है।