संदीप सिंह और उनकी पत्नी तजिंदर कौर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इकलौते बेटे की खुदकुशी से आहत अमृतसर के कस्बा चौक मेहता में अमरजीत फोटो स्टूडियो के मालिक संदीप सिंह ने बुधवार सुबह अपनी पत्नी तजिंदर कौर को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। संदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी तजिंदर कौर को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने संदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मेहता के एसएचओ मनजिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह साढ़े छह बजे संदीप सिंह ने पत्नी तजिंदर कौर को उस समय गोली मारी, जब वह घरेलू कार्यों में व्यस्त थी। उसके बाद उसने खुद की कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
गोली की आवाज सुन आस-पड़ोस के लोग उनके घर की तरफ भागे। उस समय तजिंदर कौर खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। जबकि संदीप सिंह घर के प्रांगण में पड़ा था। पड़ोसियों ने वारदात की जानकारी पुलिस को देकर तजिंदर कौर को अस्पताल पहुंचाया। संदीप की वारदात स्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनके रिश्तेदारों को मामले की जानकारी दी। एसएचओ के अनुसार संदीप के इकलौते बेटे ने कुछ माह पहले खुदकुशी की थी। जिससे पति-पत्नी दोनों मानसिक तौर पर परेशान थे। इसलिए संदीप ने पहले पत्नी को गोली मारी बाद में खुद को गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।